Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरुडीह गांव में उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर रविवार देर रात की गई इस छापेमारी में भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जबकि संचालक और अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मिरुडीह में सड़क किनारे टीन शेड लगाकर इस अवैध फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान 750 एमएल की 900, 375 एमएल की 1800 और 180 एमएल की 2448 बोतलें बरामद की गईं।
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने बताया कि कुल 220 पेटी नकली अंग्रेजी शराब (लगभग 1790 लीटर) जब्त की गई है। इसके साथ ही झारखंड में बिकने वाले विभिन्न ब्रांड के खाली बोतल, ढक्कन, स्टिकर, केमिकल से भरे 30 ड्रम और निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इसे हाल के दिनों में जिले की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि शराब माफिया पंजाब से अवैध शराब की खेप मंगवाकर उस पर झारखंड का फर्जी लेबल लगाते थे। छापेमारी में इम्प्रेल ब्लु, आफ्टर डार्क और मेकडोनाल्ड जैसे तीन ब्रांड की शराब बरामद हुई, जो झारखंड में प्रतिबंधित हैं।
उत्पाद विभाग के अनुसार, माफिया पंजाब से कम कीमत में शराब लाकर 400 रुपये की बोतल पर झारखंड का जाली लेबल चिपका देते थे और उसे यहां सरकारी दर पर ऊंचे दामों में बेचते थे।
फिलहाल विभाग ने उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटा है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस शराब की सप्लाई चेन किन-किन क्षेत्रों तक फैली हुई थी।









