Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह स्थित प्रमोथनगर के लोकनाथ भवन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण सत्र का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है और इसके लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने बूथ प्रबंधन को संगठन की रीढ़ बताते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने-अपने बूथ को सशक्त, सक्रिय और संगठित बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने विशेष रूप से SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाने की अपील की।
इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसे घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण सत्र कार्यकर्ताओं के ज्ञान और कौशल को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें वैचारिक रूप से भी सशक्त बनाते हैं, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।









