बागराईसाई में अनियंत्रित मालवाहक मकान में घुसा, बाल-बाल बचे लोग; बड़ा हादसा टला

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Rajnagar:झारखंड के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर स्थित बागराईसाई गांव में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक अनियंत्रित मालवाहक वाहन अचानक सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 407 मालवाहक वाहन (जेएच 06 एच 3043) तेज रफ्तार में चाईबासा से हाता की ओर जा रहा था, तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे जयराम मुर्मू के घर में जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मकान मालिक जयराम मुर्मू ने बताया कि हादसे के समय बच्चे घर से बाहर आइसक्रीम लेने गए हुए थे। उन्होंने कहा, “अगर बच्चे उस वक्त घर के अंदर होते, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।” संयोग से घर के अंदर मौजूद एक सदस्य भी सुरक्षित बच गया।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस दुर्घटना में लगभग 50 से 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और वाहन चालक को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा वाहन की स्थिति और चालक की मेडिकल जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरे को उजागर कर दिया है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.