Adityapur:आदित्यपुर थाना पुलिस ने 14 मार्च को हुए चर्चित फायरिंग कांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना थाना क्षेत्र के चुना भट्टी स्थित संजय इलेक्ट्रोनिक्स दुकान के समीप हुई थी, जहां चार अपराधियों ने जान मारने की नियत से अंधाधुंध फायरिंग की थी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था, जिसके मद्देनजर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रकाश पांडे उर्फ ऋषि पांडे को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रकाश पांडे का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई मामलों में संलिप्त रह चुका है। इस गिरफ्तारी को पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, हालांकि इस मामले में शामिल अन्य अपराधी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।
इस पूरे अभियान को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर अंजाम दिया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था, जिसने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर यह सफलता हासिल की।
छापामारी दल में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की के साथ पुलिस अवर निरीक्षक सतीश वर्णवाल, ग्मण कुमार विश्वकर्मा, विनोद टुडू और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।









