Jamshedpur : शहर में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर डोबो पुल के पास मैरिन ड्राइव रोड में छापेमारी कर एक महिला सहित चार लोगों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया।
गुरुवार को डीएसपी मनोज ठाकुर ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पीयूष पांडेय (एसएसपी) के निर्देश पर गठित टीम ने मैरिन ड्राइव रोड में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक महिला समेत चार आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 43 पुड़िया ब्राउन शुगर (बाजार मूल्य लगभग 80 हजार रुपये) और 6,000 रुपये नकद बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों में भारती कैवर्ती (40 वर्ष), उसका पुत्र विशाल कैवर्ती (20 वर्ष), रिषभ साहु (29 वर्ष) और कुमार बहादुर (32 वर्ष) शामिल हैं।
डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि रिषभ साहु और कुमार बहादुर सोनारी क्षेत्र में ब्राउन शुगर की बिक्री का काम करते थे, जबकि नशीले पदार्थ की आपूर्ति भारती कैवर्ती और उसके पुत्र द्वारा की जाती थी। भारती कैवर्ती पूर्व में भी सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से जेल जा चुकी है।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि भारती कैवर्ती को ब्राउन शुगर की सप्लाई जुगसलाई क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा की जाती थी। पुलिस सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
फिलहाल चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।









