पोटका: माँ रांकिणी मंदिर परिसर में 2.5 करोड़ की लागत से बने धुमकुड़िया भवन का हुआ लोकार्पण, विधायक संजीव सरदार ने किया उद्घाटन

Share करें

✓ Link copy हो गया!


पोटका/जमशेदपुर।
पोटका प्रखंड के रोहणीबेडा गांव स्थित प्रसिद्ध माँ रांकिणी मंदिर परिसर में मंगलवार को एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित धुमकुड़िया सह बहुउद्देश्यीय भवन का लोकार्पण विधायक संजीव सरदार के करकमलों से संपन्न हुआ। यह भवन श्रद्धालुओं और स्थानीय समुदाय के लिए धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन हेतु एक नया केंद्र बनेगा।

पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ उद्घाटन

कार्यक्रम की शुरुआत विधायक संजीव सरदार द्वारा माँ रांकिणी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लेने से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के उपरांत उन्होंने रिबन काटकर और भवन की चाबी संचालन समिति को सौंपते हुए इसका औपचारिक उद्घाटन किया।

“ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का प्रतीक”

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सरदार ने कहा:
यह भवन केवल ईंट और सीमेंट की संरचना नहीं, बल्कि यह हमारे क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। माँ रांकिणी के श्रद्धालुओं को अब बेहतर सुविधा मिलेगी और स्थानीय समाज को सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक सशक्त मंच प्राप्त होगा।”



उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की प्राथमिकता धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का विकास करना है, जिससे पर्यटन, स्थानीय रोजगार और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा।

भव्य स्वागत और ग्रामीणों की सहभागिता

समारोह में गाजे-बाजे के साथ विधायक संजीव सरदार का स्वागत किया गया। मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवक और मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए विधायक और सरकार के प्रति आभार प्रकट किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें