Jamshedpur : मानगो की पेयजल आपूर्ति, कानून व्यवस्था और सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार उपेक्षा झेल रहे जमशेदपुरवासियों का सब्र अब टूट चुका है। इन मुद्दों को लेकर गुरुवार सुबह 10 बजे उपायुक्त कार्यालय पर विधायक सरयू राय के नेतृत्व में एक आक्रोशपूर्ण धरना आयोजित किया जाएगा। विधायक राय ने कहा है कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

विधायक ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि मानगो पेयजल परियोजना की स्थिति ध्वस्त होने के कगार पर पहुंच चुकी है। हर दिन कहीं ना कहीं तकनीकी खराबी आ रही है, जिससे जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि “कहीं 5 मिनट के लिए पानी आता है, तो कहीं लगातार बहता रहता है। इतनी बड़ी परियोजना के बाद भी टैंकर से जलापूर्ति करनी पड़ रही है।”
सरयू राय ने बताया कि पिछले पांच महीनों से वह और उनकी टीम परियोजना में सुधार लाने के लिए सतत प्रयासरत हैं। उन्होंने पृथ्वी पार्क की बंद पड़ी पानी टंकी को चालू कराया, इंटेक वेल, मोटर पंप, पाइपलाइन जैसी बुनियादी जरूरतों की मरम्मत एवं बदलाव के लिए विभाग से योजना स्वीकृत कराई। इसके बावजूद कोई ठोस सुधार देखने को नहीं मिला।

प्रशासनिक असहयोग और विभागीय असंवेदनशीलता पर सवाल
राय ने कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, नगर निगम और स्वयं विभाग के सिविल व मैकेनिकल शाखाओं के बीच आपसी तालमेल का घोर अभाव है। बालीगुमा की पानी टंकी चार साल से तैयार है, पाइपलाइन भी बिछ चुकी है, लेकिन एनएच को पार करने के लिए मात्र 10 लाख रुपये नहीं दिए जा रहे, जबकि राशि विभाग के पास है।
सबसे बदहाल स्थिति वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की
विधायक ने कहा कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में गाद भर चुकी है, पर्याप्त मानव संसाधन नहीं हैं, वर्षों से वहीं कार्यरत कर्मचारियों का निजी हित हावी है। “इसमें आमूलचूल परिवर्तन की आवश्यकता है,” उन्होंने जोर देते हुए कहा।

कानून व्यवस्था भी चरमराई
सरयू राय ने कानून व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि जमशेदपुर में अपराधियों का भय समाप्त हो गया है। दिनदहाड़े चोरी, छिनतई और महिलाओं के खिलाफ अपराध आम हो गए हैं। यहां तक कि उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास भी महिलाएं असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि जनता प्रशासन और पुलिस को उनकी ज़िम्मेदारियों का एहसास कराए। इसी उद्देश्य से गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय पर जनता का आक्रोश प्रकट किया जाएगा।
जनता से अपील
विधायक ने आम लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने आक्रोश को आवाज दें, जिससे प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली में बदलाव आ सके।










