मांगों को लेकर युवा जनशक्ति मोर्चा का प्रदर्शन, सड़क जाम के बाद मौके पर पहुंचीं उपनगर आयुक्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : जनसमस्याओं और विभिन्न स्थानीय मांगों को लेकर युवा जनशक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रविवार को आकाशवाणी चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के अध्यक्ष अभय कुमार झा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी घंटों तक प्रशासनिक अधिकारियों के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई जिम्मेदार पदाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।

प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने आदित्यपुर मेन रोड को जाम कर दिया। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जलाए और बांस-बल्ली लगाकर आवागमन बाधित कर दिया। हालांकि प्रदर्शन के दौरान मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एम्बुलेंस और मरीजों से जुड़े वाहनों को बिना किसी रोक-टोक के गुजरने दिया गया।

सड़क जाम के करीब 20 मिनट बाद प्रशासन हरकत में आया और उपनगर आयुक्त पारुल सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और मांगों को विस्तार से सुना। उपनगर आयुक्त ने मौके पर ही कई मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए समाधान की दिशा में पहल की और संबंधित मामलों को गंभीरता से लेने का भरोसा दिया।

इस दौरान स्थानीय निवासी दिव्यांशु झा ने नगर निगम के कर्मचारी रवींद्र राव पर मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर चार हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपनगर आयुक्त पारुल सिंह ने तत्काल संबंधित कर्मचारी को उस शाखा से हटाने का निर्देश दिया तथा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

युवा जनशक्ति मोर्चा के अध्यक्ष अभय कुमार झा ने प्रशासन के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से नहीं हुआ तो संगठन आगे भी आंदोलन जारी रखेगा।

उपनगर आयुक्त ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि सभी मांगों की समीक्षा कर शीघ्र बैठक आयोजित की जाएगी तथा समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

अब क्षेत्रवासियों और संगठन की नजर प्रशासन द्वारा किए जाने वाले आगामी कदमों पर टिकी हुई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.