Jamshedpur : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने कोल्हान के तीन जिलों जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां में 30 हजार हितचिंतक सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए 22 नवंबर से महाअभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत हिंदू समाज के लोगों को 20 रुपये सदस्यता शुल्क लेकर हितचिंतक सदस्य बनाया जाएगा।
इस संबंध में रविवार को बिष्टुपुर स्थित हिंदूपीठ परिसर में विहिप जमशेदपुर महानगर की बैठक जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सदस्यता अभियान की रूपरेखा, लक्ष्य और विभिन्न क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर चर्चा की गई।
विहिप सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह ने बताया कि हितचिंतक सदस्यता अभियान पूरे झारखंड में चलाया जा रहा है। कोल्हान के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान के माध्यम से हिंदू समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विहिप प्रत्येक तीन वर्ष में हितचिंतक अभियान चलाती है।
अरुण सिंह के अनुसार, संगठन हिंदू समाज के उत्थान के लिए विभिन्न सेवा, सहायता और सामाजिक कार्य करता है। अभियान के माध्यम से लोग स्वयं के साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी संगठन से जोड़कर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी कर सकेंगे।
बैठक में जिला मंत्री चंद्रिका भगत, उपाध्यक्ष गोपीराव, सहमंत्री उत्तम कुमार दास, विशेष संपर्क सह प्रमुख अमित शारदा, आकाश राज सहित कदमा, जुगसलाई, गोविंदपुर एवं अन्य प्रखंडों के सदस्य उपस्थित थे।

















