विष्णुगढ़ हत्याकांड पर झामुमो का कड़ा रुख, आरोपी को फांसी देने की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka:हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा की पोटका प्रखंड कमिटी ने इस जघन्य अपराध के मुख्य आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है।

शुक्रवार को हाता स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में झामुमो नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आरोपी भीम राम को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का अपराध करने से पहले सौ बार सोचे।

नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी इस प्रकार के लोगों को संरक्षण देती रही है और राज्य की सरकार को बदनाम करने की साजिश रचती है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले का खुलासा होने के बाद सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है।

प्रेसवार्ता में वक्ताओं ने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए असली आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कानून के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

झामुमो नेताओं ने यह भी कहा कि राज्य सरकार हमेशा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है, जिसके कारण महिलाओं का विश्वास सरकार के प्रति बढ़ा है।

इस दौरान प्रेसवार्ता में झारखंड आंदोलनकारी सह वरिष्ठ नेता सुनील महतो, पूर्व परिषद सदस्या चंद्रावती महतो, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, हितेश भक्त, त्रिलोचन टुडू, ग्राम प्रधान श्याम चरण सरदार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

झामुमो ने स्पष्ट किया कि इस हत्याकांड के सभी दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जानी चाहिए, ताकि समाज में कानून का डर कायम रहे और न्याय सुनिश्चित हो सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.