हाथी-मानव संघर्ष और धालभूमगढ़ एयरपोर्ट को लेकर सांसद विद्युत महतो ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से की मुलाकात

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर पूर्वी सिंहभूम में बढ़ते हाथी-मानव संघर्ष और धालभूमगढ़ एयरपोर्ट की पर्यावरणीय मंजूरी से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

सांसद ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि चाकुलिया, डुमरिया समेत ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे क्षेत्रों में जंगली हाथियों की आवाजाही के कारण लगातार जान-माल, फसलों और घरों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में हाथी-मानव संघर्ष में करीब 47 लोगों की जान जा चुकी है।

हाथियों के प्राकृतिक गलियारे को पुनर्स्थापित करने की मांग

विद्युत वरण महतो ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के वन विभागों एवं संबंधित जिला प्रशासन की उच्चस्तरीय बैठक बुलाने का सुझाव दिया। उन्होंने हाथियों के पारंपरिक एवं प्राकृतिक मार्गों को पुनर्स्थापित करने तथा वैज्ञानिक तरीके से मानव-हाथी संघर्ष को कम करने की दिशा में ठोस पहल की आवश्यकता जताई।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का आकलन करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट की पर्यावरणीय मंजूरी का मुद्दा भी उठा

बैठक के दौरान सांसद ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के लिए पर्यावरणीय मंजूरी का मुद्दा भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा वन विभाग से 19 बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा गया है और इसका प्रतिवेदन परिवेश पोर्टल पर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है।

सांसद ने एयरपोर्ट परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण जनहितकारी परियोजना बताते हुए आवश्यक पर्यावरणीय मंजूरी और एनओसी की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामले में तेजी लाने तथा आवश्यक एनओसी की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें