Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय आगामी 6 सितंबर को जमशेदपुर में झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक सेमिनार का आयोजन करेंगे। सेमिनार का विषय “शिक्षा का उत्थान, शिक्षकों का सम्मान” रखा गया है। इसका निर्णय मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित उनके कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया।
विधायक सरयू राय ने बताया कि सेमिनार के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम को चार प्रमुख सत्रों में विभाजित किया गया है। इनमें उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा और छात्र आंदोलन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सेमिनार में झारखंड में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा तथा छात्र आंदोलनों की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक उपायों और संभावित समाधानों पर भी विशेषज्ञों एवं संबंधित लोगों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
सरयू राय ने कहा कि सेमिनार का उद्देश्य राज्य की शिक्षा व्यवस्था की मौजूदा चुनौतियों को समझना और उसके सुधार के लिए व्यावहारिक सुझाव सामने लाना है। सेमिनार के बाद झारखंड सरकार को विभिन्न सुझावों एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
बैठक में एसपी सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, अमृता मिश्रा, सुधीर सिंह, नीरज सिंह, पवन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
















