अपग्रेड मध्य विद्यालय टेकासाईं में तृतीय अभिभावक-शिक्षक बैठक, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

SHARE:

Chaibasa:सदर प्रखंड अंतर्गत अपग्रेड (उत्क्रमित) मध्य विद्यालय टेकासाईं में सोमवार को राज्य परियोजना निदेशक, रांची के निर्देशानुसार तृतीय अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य छात्रों की शैक्षणिक प्रगति, विद्यालयी गतिविधियों और अभिभावकों की सहभागिता को और सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत बाल संसद के सदस्यों द्वारा माता-पिता एवं अभिभावकों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात प्रधान शिक्षक ने बैठक के उद्देश्य, विद्यालय की शैक्षणिक योजनाओं तथा बच्चों के समग्र विकास में अभिभावकों की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक के दौरान सभी वर्गों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक अभिभावक से उनके बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर चर्चा की। इस अवसर पर बच्चों की नियमित उपस्थिति, सीखने की स्थिति, घर पर स्व-अध्ययन में अभिभावकों के सहयोग, रेल परीक्षा में छात्रों के प्रदर्शन, व्यवसायिक शिक्षा कार्यक्रम, पाठ्यक्रम, पुस्तकालय के उपयोग, प्रारंभिक कक्षाओं में एफएलएन एवं बहुभाषी कार्यक्रम, प्रोजेक्टर के माध्यम से कक्षा संचालन, एसए परीक्षा, बच्चों में नशे के दुष्प्रभाव की रोकथाम तथा खेल-कूद में सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के समापन से पूर्व चैतना सत्र अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में वर्ग 1 से सिकंदर हेम्ब्रम व मंजुश्री हेम्ब्रम, वर्ग 2 से विश्वजीत पुरती, वर्ग 3 से अनीष गोप, वर्ग 4 से निखिल हेम्ब्रम, वर्ग 5 से सोनामी कारोवा, वर्ग 6 से सरिता पुरती, वर्ग 7 से अमन बानरा, अमन पुरती व सोनामुनी बिरुली तथा वर्ग 8 से सतारी सामद, श्री मोती बिरुली व जोबना बिरुली शामिल रहे।

अंत में प्रधान शिक्षक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। बैठक में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Comment