मेघाहातुबुरु खदान में मजदूरों की समस्याओं पर प्रबंधन के साथ बैठक, चिकित्सा से लेकर आवास व सुरक्षा तक 10 मुद्दों पर चर्चा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : सेल की मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदान में मजदूरों, कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे के नेतृत्व में यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने सेल प्रबंधन के साथ बैठक की। जनरल ऑफिस सभागार में हुई बैठक में चिकित्सा, सुरक्षा, आवास, बिजली, ठेका श्रमिकों और स्थायी आदेश समेत करीब दस प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने किरीबुरू-मेघाहातुबुरु जनरल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था, स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, फिजियोथेरेपी सेवा, ब्लड बैंक और बेहतर रेफरल व्यवस्था की मांग उठाई। फिजियोथेरेपी सेवा शुरू नहीं होने पर यूनियन ने नाराजगी जताई। इस पर प्रबंधन ने स्थायी फिजियोथेरेपिस्ट की व्यवस्था होने तक बोकारो से फिजियोथेरेपी सेवा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में ब्लड बैंक की सुविधा को लेकर प्रबंधन ने एलिशा मशीन की खरीद के लिए फंड स्वीकृत होने की जानकारी दी। गंभीर मरीजों के लिए एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस उपलब्ध कराने तथा ‘लाइफ सेविंग फर्स्ट’ व्यवस्था के तहत तत्काल उपचार सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।

आवास की समस्याओं पर यूनियन ने मरम्मती कार्य के लिए कंबाइंड टेंडर निकालने की मांग की। वहीं, असुरक्षित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सेफ्टी कमेटी में सभी श्रमिक संगठनों को प्रतिनिधित्व देने की मांग भी उठाई गई।

ठेका श्रमिकों से जुड़े मुद्दों में पीपीई उपलब्ध कराने, उचित ड्यूटी निर्धारित करने और सभी वैधानिक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रबंधन ने ड्यूटी रोस्टर के आधार पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही।

स्टेकर संचालन में कार्यरत अनस्किल्ड श्रमिकों का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। यूनियन ने समान काम के लिए समान वेतन की मांग करते हुए अनस्किल्ड श्रमिकों के स्थान पर स्किल्ड श्रेणी लागू करने की मांग की। प्रबंधन की ओर से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।

इसके अलावा यूनियन ने मेघाहातुबुरु खदान में पूर्ण स्थायी आदेश लागू करने की मांग भी रखी। बैठक में श्रमिकों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई और उनके समाधान को लेकर प्रबंधन के समक्ष मांगें रखी गईं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें