गुवा सेल खदान में 63वें सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ

SHARE:

Guwa:सेल गुवा अयस्क माइंस, बोकारो स्टील प्लांट में सोमवार को 63वां सुरक्षा सप्ताह–2025 पूरे गरिमामय वातावरण में शुरू हुआ। डीजीएम चाईबासा क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) चंद्रभूषण कुमार एवं महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार ने सुरक्षा झंडोत्तोलन कर तथा सुरक्षा की प्रतीकात्मक प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पण के साथ किया।

उद्घाटन अवसर पर सीजीएम चंद्रभूषण कुमार ने कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा, “सतर्कता हटी, दुर्घटना घटी।” उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जल्दबाजी और ओवर कॉन्फिडेंस अधिकांश दुर्घटनाओं की जड़ हैं। मन, कर्म और वचन से सुरक्षा नियमों को अपनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने सुरक्षा दीपक को निरंतर जलाए रखने और असुरक्षा से सतत संघर्ष करने की बात कही। साथ ही नई सुरक्षा तकनीकों को अपनाने पर जोर देते हुए प्रबंधन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

महाप्रबंधक (खान) एस.पी. दास ने खदान में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सुरक्षित कार्य-संस्कृति ही उत्पादन की स्थिरता का आधार है। वहीं महाप्रबंधक आर.के. सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष का मूल मंत्र “जीरो हार्म” है, जिसे हासिल करने के लिए बिना सेफ्टी उपकरण खदान में प्रवेश न करना, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग जैसी आदतों को दिनचर्या में शामिल करना होगा।

कार्यक्रम के दौरान सीजीएम चंद्रभूषण कुमार एवं महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार ने संयुक्त रूप से सुरक्षा मॉडल कक्ष का उद्घाटन किया। इसके बाद महाप्रबंधक अनिल कुमार ने सभी उपस्थितों को सुरक्षा शपथ दिलाई। यूनियन पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वास्थ्य ही सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है।

बताया गया कि 63वां सुरक्षा सप्ताह 15 से 22 दिसंबर तक मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत 15 दिसंबर को सुरक्षा मॉडल रूम का उद्घाटन, 20 दिसंबर को गुवा सेल क्लब में पब्लिसिटी प्रोपेगेंडा कार्यक्रम तथा 22 दिसंबर को अतिथियों द्वारा माइंस निरीक्षण किया जाएगा।

कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामवासी, मानकी-मुंडा, विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सेल कर्मी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में संतोष कुमार बेहरा और बाल कलाकार कुमार आशुतोष ने गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को जीवंत किया।
मौके पर डॉ. टी.सी. आनंद, डॉ. ए.के. अमन, डॉ. एस. सरकार, डॉ. प्रियंका रानी पात्रा, महिला समिति की सदस्याएं तथा नोवामुंडी भाग–1 जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी सहित अनेक अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन एजीएम तनवीर जाफर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डीजीएम (माइनिंग) मिलन नंदी ने दिया।

Leave a Comment