Jamshedpur : कोकपाड़ा अंडरपास के नीचे पिछले लगभग 15 दिनों से घायल अवस्था में पड़े एक अज्ञात व्यक्ति का शनिवार को सामाजिक संस्था ‘सेवा ही धर्म’ ने रेस्क्यू कर मानवता की मिसाल पेश की। थाना प्रभारी धीरज मिश्रा की सूचना पर संस्था की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति के पैर का घाव पूरी तरह सड़ चुका था और उससे तेज दुर्गंध आने के कारण आसपास के लोग उसके पास जाने से भी कतरा रहे थे। सूचना मिलते ही संस्था के संस्थापक नौशाद अहमद, उत्तम सरल, निरंजन तथा अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल को एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने घायल व्यक्ति का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। उसकी पहचान कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।
संस्था के सदस्यों ने कहा कि “जिसका कोई नहीं, उसके साथ सेवा ही धर्म है।” उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता के लिए संस्था हमेशा तत्पर रहेगी। इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए संस्था के कार्यों की प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
















