Jamshedpur: श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर टुईलाडुंगरी स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर परिसर में महिला समिति के तत्वावधान में भव्य कलश यात्रा, रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला समिति की अध्यक्ष इंद्रा साहू ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई। श्रद्धालु मंदिर परिसर से स्वर्णरेखा घाट पहुंचे, जहां से पवित्र जल लेकर वापस मंदिर आए और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। इसके बाद महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता दिनेश कुमार ने कहा कि श्रावण मास आस्था, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना से जीवन में सकारात्मकता, आत्मबल और लोककल्याण की भावना का संचार होता है। उन्होंने महिला समिति और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के पदाधिकारी, महिला समिति की सदस्याएं, स्थानीय गणमान्य लोग तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर शिवभक्ति के रंग में सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ एवं माता शीतला से सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।















