Jadugoda : झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने अपने 24 घंटे के प्रवास कार्यक्रम के तहत सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संगठन की जमीनी स्थिति का जायजा लेते हुए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया और संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत फीडबैक ली।
प्रवास कार्यक्रम के क्रम में श्री शाही ने भाजपा के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार के साथ जादूगोड़ा स्थित प्रसिद्ध माँ रंकिनी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने माँ रंकिनी से झारखंड में शांति, सुख-समृद्धि, सामाजिक सौहार्द और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।
पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने कहा कि “झारखंड की आस्था, संस्कृति और परंपरा हमारी अमूल्य धरोहर हैं। माँ रंकिनी का आशीर्वाद प्रदेश के प्रत्येक नागरिक पर बना रहे और राज्य निरंतर विकास एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही हमारी प्रार्थना है।”
उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना है। इसी उद्देश्य से प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी राय और सुझाव लिए जा रहे हैं, ताकि संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सके।
इस अवसर पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी, वरिष्ठ नेता लखन मार्डी, जिला उपाध्यक्ष रोहित सिंह परमार, युवा नेता विक्रम सिंह, महिला मोर्चा नेत्री रीना महाली सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।









