आदित्यपुर में अवैध ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार; मोबाइल, लैपटॉप समेत कई सामान जब्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनारायणपुर में पुलिस ने अवैध ऑनलाइन बेटिंग (जुआ) रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सिम कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर सुमित कुमार (बेगूसराय, बिहार), गुलशन कुमार (खगड़िया, बिहार) तथा मनोज कुमार (वर्तमान पता बागबेड़ा, जमशेदपुर एवं स्थायी निवासी भोजपुर, आरा) को गिरफ्तार किया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 15 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, 13 सिम कार्ड, तीन डेबिट कार्ड, एयरटेल एयर फाइबर की दो आउटडोर यूनिट, दो ड्यूल-बैंड वाई-फाई डिवाइस, चार हिसाब-किताब की कॉपियां, एक डायरी तथा छह यूपीआई क्यूआर कोड की फोटोकॉपी बरामद की।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े वित्तीय लेन-देन यूपीआई क्यूआर कोड के माध्यम से संचालित किए जा रहे थे। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि जब्त किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खातों की तकनीकी जांच की जा रही है। पूछताछ के दौरान रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।

पुलिस ने इस मामले में आदित्यपुर थाना में जुआ अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें