Jamshedpur : आगामी 16 जुलाई को आयोजित होने वाली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा-2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में रथ यात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने तथा प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की तैनाती, नगर निकाय को साफ-सफाई, पेयजल और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों एवं ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से पूरे आयोजन की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
बैठक में रथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्जन, आपातकालीन निकासी योजना, नियंत्रण कक्ष की स्थापना तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
समीक्षा बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम, अपर उपायुक्त, ट्रैफिक डीएसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








