आदित्यपुर के राधा-कृष्ण मंदिर में चोरी, अष्टधातु की मूर्तियां व पूजा के बर्तन ले उड़े चोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adiryapur : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 16 स्थित दासपाड़ा के राधा-कृष्ण मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। चोर मंदिर से भगवान राधा-कृष्ण की अष्टधातु की कीमती मूर्तियां और पूजा में प्रयुक्त बर्तन चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

स्थानीय निवासी ललित दास ने बताया कि प्रतिदिन की तरह सुबह मंदिर का ताला खोला गया तो सब कुछ सामान्य प्रतीत हो रहा था। लेकिन जब पुजारी पूजा-अर्चना के लिए गर्भगृह में पहुंचे, तो मुख्य स्थान से भगवान राधा-कृष्ण की मूर्तियां गायब मिलीं। चोरी गई मूर्तियां अष्टधातु की बनी थीं और उनकी ऊंचाई लगभग 10 इंच बताई जा रही है।

चोर केवल मूर्तियां ही नहीं, बल्कि पूजा में उपयोग होने वाले थाली, लोटा, घंटा सहित अन्य धार्मिक सामग्री भी अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन चोरी गई सामग्री का कोई सुराग नहीं मिल सका।

सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच अधिकारी ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से चोरी की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

इधर, स्थानीय लोगों और मंदिर समिति ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी एवं चोरी गई अष्टधातु की मूर्तियों और अन्य सामान की बरामदगी की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें