राजनीति का उद्देश्य सत्ता नहीं, समाज सेवा और जनकल्याण होना चाहिए : आनन्द बिहारी दुबे

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : जेम्को मंडल कांग्रेस की ओर से जेम्को चौक पर आयोजित जनसभा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनन्द बिहारी दुबे ने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा, सामाजिक न्याय और जनकल्याण का प्रभावी साधन होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक भावना तभी सार्थक होगी जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

सभा को संबोधित करते हुए श्री दुबे ने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार की नीतियां बड़े उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही हैं, जबकि गरीब, किसान, मजदूर और आम जनता उपेक्षा का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान पर आधारित रही है।

राम मंदिर परिसर में हाल में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है। उनके अनुसार इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं और सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए श्री दुबे ने कहा कि रसोई गैस, खाद्य सामग्री, दाल, तेल, सब्जियों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों ने आम लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।

बेरोजगारी के विषय पर उन्होंने कहा कि देश का युवा रोजगार की तलाश में संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार सृजन के वादे पूरे नहीं हुए हैं तथा सरकारी नौकरियों में कमी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और निजी क्षेत्र में सीमित अवसरों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जेम्को मंडल अध्यक्ष संजय लाल ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार ने किया। सभा को जसवंत सिंह जस्सी, सतीश कुमार, अतुल गुप्ता, श्यामसुन्दर प्रसाद, नागेन्द्र प्रसाद, गुरदीप सिंह काक्के, सन्नी सिंह, सचिन सिंह, रंजीत सिंह, आशुतोष सिंह, संध्या ठाकुर एवं हरिहर प्रसाद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें