टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अधिकारियों ने चार टीबी मरीजों को लिया गोद, छह माह तक मिलेगा पोषण सहयोग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur : टीबी रोग से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मनोहरपुर में सरकारी अधिकारियों द्वारा एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल की गई। रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनोहरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रखंड क्षेत्र के चार टीबी पीड़ित मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण सहायता उपलब्ध कराई गई।

अभियान के तहत मनोहरपुर प्रखंड के गोपीपुर गांव के अंजनी महतो, सतपोटका गांव के सुल्तान सांडिल, बरंगा गांव के निरण मुंडा तथा मरांगपोंगा गांव की सुनिया बहंदा को “निश्चय मित्र” बनकर गोद लिया गया। इस दौरान मनोहरपुर बीडीओ शक्तिकुंज, सीओ प्रदीप कुमार, सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार एवं बीपीएम अनुज कुमार सिंह ने मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किया।

मौके पर बीडीओ शक्तिकुंज ने कहा कि टीबी से ग्रसित प्रत्येक मरीज को निश्चय मित्रों के माध्यम से छह माह तक नियमित रूप से फूड बास्केट उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर पोषण मिल सके और वे जल्द स्वस्थ हो सकें। उन्होंने समाज के सक्षम एवं जागरूक लोगों से भी इस अभियान से जुड़कर टीबी मरीजों को गोद लेने और सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने टीबी उन्मूलन को लेकर जागरूकता फैलाते हुए मरीजों को नियमित दवा सेवन एवं पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.