Manoharpur : जिला प्रशासन पश्चिम सिंहभूम के निर्देशानुसार रविवार को “जन भागीदारी–सबसे पहले” अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मनोहरपुर में रक्तदान महादान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभागीय सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ संस्थागत कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान हेतु 66 लोगों ने पंजीकरण कराया।
शिविर के दौरान कुल 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम में नोडल पदाधिकारी सह एलआरडीसी सदर चाईबासा जितराय मुर्मू, बीडीओ शक्तिकुंज, सीओ प्रदीप कुमार एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस पुनीत कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बीडीओ शक्तिकुंज ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जिससे जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत मनोहरपुर सीएचसी में प्रत्येक माह की 24 तारीख को नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की।
शिविर को सफल बनाने में सरकारी अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।













