Jamshedpur : टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से सीनी स्थित इंजीनियरिंग वर्कशॉप एवं जोनल रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में बुधवार को व्यापक आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं रेलकर्मियों को आपदा की स्थिति में बचाव, सुरक्षा और राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक चला। इसमें उप मुख्य कारखाना प्रबंधक गुप्तेश्वर माझी, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता सी.आर. पटनायक, ए.पी. सतपति, विश्वरूप पति, आर.के. दास, राकेश प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ तकनीशियन तथा लिपिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उप मुख्य कारखाना प्रबंधक गुप्तेश्वर माझी ने कहा कि आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण राष्ट्र की संपत्ति और जन-धन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का निर्देश दिया।
सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति पदक सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने कर्मचारियों को आपदा के दौरान स्वयं की सुरक्षा के साथ राष्ट्रीय संपत्ति की रक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने की जानकारी दी। उन्होंने आपदा में फंसे लोगों के साथ-साथ जीव-जंतुओं और पालतू पशुओं के रेस्क्यू के प्रति भी जागरूक किया।
डेमोस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने कार्यशाला में उपलब्ध ड्राई केमिकल पाउडर एवं कार्बन डाइऑक्साइड आधारित अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की मॉक ड्रिल कर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने आग लगने की स्थिति में उपकरणों के उपयोग से पहले, उपयोग के दौरान और बाद में बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर उप मुख्य कारखाना प्रबंधक गुप्तेश्वर माझी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सिविल डिफेंस टीम की उन्नत प्रशिक्षण शैली की सराहना की।
वहीं, जोनल रेलवे प्रशिक्षण केंद्र सीनी में स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर एवं लोको पायलट सहित कुल 170 रेलकर्मियों को फायर सर्विस, प्राथमिक चिकित्सा और आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण डिजिटल पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से दिया गया।











