ठेका मजदूरों को काम से बैठाने के फैसले पर भड़के रामा पांडे, बोले- आर-पार की होगी लड़ाई

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa  : सेल गुवा खदान क्षेत्र में स्थानीय युवाओं की बहाली को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन के बीच बुधवार को सेल प्रबंधन और ठेकेदारों के बीच हुई बैठक के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। बैठक में प्रबंधन ने निर्देश दिया कि आंदोलन जारी रहने तक किसी भी ठेका मजदूर को काम पर नहीं लगाया जाए।

प्रबंधन के इस फैसले के बाद ठेका मजदूरों के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति बन गई है। दैनिक मजदूरी पर निर्भर श्रमिकों को रोजगार बंद होने से आर्थिक संकट की आशंका सताने लगी है।

इधर, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने सेल प्रबंधन के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन जानबूझकर मजदूरों को आपस में लड़ाने का प्रयास कर रहा है।

रामा पांडे ने कहा कि ठेका मजदूर रोज कमाने और खाने वाले लोग हैं। यदि उन्हें काम से बैठा दिया गया तो उनके सामने परिवार चलाने का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे मजदूरों के समक्ष भूखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के समाधान की दिशा में पहल करने के बजाय प्रबंधन दबाव की राजनीति कर रहा है। रामा पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि मजदूर विरोधी नीतियों को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए यूनियन अब आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है।

स्थानीय युवाओं की बहाली की मांग को लेकर जारी आंदोलन के कारण गुवा खदान क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रबंधन और आंदोलनकारियों के बीच टकराव की स्थिति को देखते हुए पूरे घटनाक्रम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.