Jamshedpur : टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टीएसजेडपी) में सोमवार को 34 वर्षों तक उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले दो वरिष्ठ कर्मचारियों आर. श्रीनिवासन और लिम्सा हरपाल के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दोनों कर्मचारियों के लंबे, समर्पित और अनुकरणीय योगदान को याद करते हुए उन्हें लॉन्ग सर्विस अवॉर्ड, प्रशस्ति-पत्र तथा सम्मान राशि प्रदान की गई।
आर. श्रीनिवासन ने वर्ष 1992 से फील्ड एसोसिएट के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। उन्होंने जूलॉजिकल पार्क के निर्माण, रखरखाव और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान से पार्क के विस्तार और आधुनिकीकरण को नई दिशा मिली।
वहीं, लिम्सा हरपाल ने जूलॉजिकल पार्क के पशु चिकित्सा अस्पताल में वर्षों तक बीमार एवं घायल पक्षियों तथा वन्यजीवों की देखभाल और उपचार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी निष्ठा और सेवा भावना की सभी वक्ताओं ने सराहना की।
समारोह में टीएसजेडएस वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, मानद सचिव कैप्टन अमिताभ, एचआर टीम से विकास कुमार एवं तौशीफ इकबाल, जूलॉजिकल पार्क के निदेशक डॉ. नईम अख्तर, डॉ. एम. पालित, डॉ. संजय कुमार महतो, डॉ. सीमा रानी सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रघुनाथ पांडेय ने दोनों कर्मचारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनकी 34 वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवाओं की सराहना करते हुए स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं। कैप्टन अमिताभ ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का नया अध्याय है और दोनों कर्मचारियों को सक्रिय रहकर परिवार एवं समाज के प्रति अपना योगदान जारी रखना चाहिए।
निदेशक डॉ. नईम अख्तर ने दोनों कर्मचारियों के योगदान को जूलॉजिकल पार्क की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनकी सेवाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेंगी। वहीं, डॉ. एम. पालित, डॉ. संजय कुमार महतो, विकास कुमार, विजय मुखी, लल्लन सिंह सहित अन्य सहकर्मियों ने भी उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए और उनके समर्पण, ईमानदारी तथा वन्यजीवों के प्रति सेवा भावना की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन दोनों कर्मचारियों की उत्कृष्ट सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
















