टाटा स्टील रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 का भव्य समापन, विजेताओं को किया गया सम्मानित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : टाटा स्टील स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित टाटा स्टील रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 के दूसरे संस्करण का रविवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। चार दिनों तक चले इस आयोजन का उद्देश्य रैकेट खेलों के माध्यम से फिटनेस, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना था।

फेस्ट के दौरान बैडमिंटन, लॉन टेनिस, स्क्वॉश और पिकलबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में कुल 365 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें बैडमिंटन में 206, लॉन टेनिस में 72, स्क्वॉश में 13 तथा पिकलबॉल में 74 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में झारखंड के जमशेदपुर, रांची, धनबाद, गिरिडीह, चाईबासा, सरायकेला और बोकारो स्टील सिटी के अलावा ओडिशा के राउरकेला एवं मेरामंडली तथा बिहार के पटना से खिलाड़ी शामिल हुए। आईआईटी धनबाद के विद्यार्थियों की भागीदारी ने आयोजन को क्षेत्रीय स्तर पर और अधिक व्यापक स्वरूप प्रदान किया।

समापन समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम, चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी तथा हेड–स्पोर्ट्स एंड ट्रेनिंग सेंटर्स कैप्टन मनीष सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया तथा सभी प्रतिभागियों की खेल भावना और उत्साह की सराहना की।

इस अवसर पर डी.बी. सुंदरा रामम ने कहा कि टाटा स्टील अपने परिचालन क्षेत्रों और व्यापक समाज में खेल संस्कृति तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि कर्मचारियों और समुदाय के बीच आपसी जुड़ाव एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को भी मजबूत करते हैं।

टाटा स्टील रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 के दूसरे संस्करण ने एक बार फिर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल के माध्यम से समुदाय को जोड़ने की दिशा में टाटा स्टील की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.