Jamshedpur : जल संकट और भूजल स्तर में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए जल संरक्षण के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से मानगो नगर निगम द्वारा मंगलवार को करीम सिटी कॉलेज में ‘जल संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन (Rainwater Harvesting) एवं भूजल पुनर्भरण (Groundwater Recharge) के महत्व, उपयोगिता और वैज्ञानिक प्रक्रिया से अवगत कराना था। कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रबंधक एवं आईईसी एक्सपर्ट श्रेयांश ने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए जल संरक्षण की वर्तमान आवश्यकता, जल संकट की चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए बताया कि छोटे-छोटे प्रयास भी जल संरक्षण की दिशा में बड़े बदलाव ला सकते हैं।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण कॉलेज परिसर में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का प्रत्यक्ष प्रदर्शन रहा। विद्यार्थियों को मौके पर ले जाकर यह समझाया गया कि वर्षा के जल का संग्रहण किस प्रकार किया जाता है और यह प्रणाली भूजल स्तर को बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में जल संकट से निपटने में कैसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी जल संरक्षण से जुड़े अपने विचार साझा किए और भविष्य में जल बचाने के लिए व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्तर पर योगदान देने का संकल्प लिया। मानगो नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को पर्यावरण संरक्षण और सतत जल प्रबंधन से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
जल संवाद कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें व्यावहारिक रूप से जल बचाने की तकनीकों से भी परिचित कराया, जिससे समाज में जल संरक्षण का संदेश और अधिक प्रभावी ढंग से प्रसारित हो सके।

















