टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन चुनाव की घोषणा: 13 अप्रैल से नामांकन, 17 अप्रैल को मतदान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के तीन कमेटी मेंबरों के चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पिछले कमिटी मीटिंग में सर्वसम्मति से चुनाव संचालन समिति का गठन कर उसे पूरी जिम्मेदारी सौंप दी गई थी।

इसी क्रम में आज चुनाव संचालन समिति के प्रमुख चितानंद खंडाई ने औपचारिक रूप से चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी। उनके अनुसार, यूनियन के तीनों क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया निर्धारित तिथियों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।

घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, उम्मीदवारों के लिए नामांकन (उम्मीदवारी) फॉर्म का वितरण 13 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए 17 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा।

मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके उपरांत विजयी उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

यूनियन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस बार चुनाव को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए विशेष तैयारी की गई है। चुनाव संचालन समिति पर पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने की जिम्मेदारी है, जिस पर सभी सदस्यों की नजर बनी हुई है।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही यूनियन के भीतर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और संभावित उम्मीदवारों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। अब सभी की निगाहें नामांकन प्रक्रिया और मतदान दिवस पर टिकी हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.