कपाली लूटकांड का आरोपी तारिक कुरैशी नागपुर से गिरफ्तार, जब्बार हत्याकांड में भी था फरार

SHARE:

Saraikela : चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में माइक्रो फाइनांस कर्मी से डेढ़ लाख रुपये की लूट और फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मामले के मुख्य आरोपी कुख्यात अपराधी तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जानकारी के अनुसार 7 मई 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे कपाली ओपी क्षेत्र के डैमडूबी अंसारनगर में रबाना खातून के घर के पास अपराधियों ने माइक्रो फाइनांस कर्मी से फायरिंग कर लगभग डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्य, तकनीकी इनपुट और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान तारिक कुरैशी का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से डैमडूबी अंसारनगर का निवासी है, लेकिन पहचान छिपाकर नागपुर के ताजबाग अयोध्या नगर स्थित उमरेड रोड इलाके में रह रहा था।

पुलिस टीम ने नागपुर में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए कपाली लाया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल 7.65 एमएम का एक लोडेड पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक तारिक कुरैशी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2021 के चर्चित जब्बार अंसारी हत्याकांड में भी आरोपी है और पिछले सात वर्षों से फरार चल रहा था। आरोपी ने पुलिस को खुली चुनौती दी थी कि उसे कोई गिरफ्तार नहीं कर सकता।

उसके खिलाफ चांडिल और कपाली ओपी में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कुल पांच मामले दर्ज हैं। वर्ष 2016 में लूट, 2019 में हत्या के प्रयास और 2021 में दो हत्या समेत कई गंभीर मामलों में वह आरोपी रहा है।

आरोपी की गिरफ्तारी में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, एसआई रंजीत कुमार सिंह, मनोज कुमार मिश्रा, आरक्षी दस्तगीर आलम और जिला पुलिस की तकनीकी शाखा के कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Comment

और पढ़ें