Jamshedpur : साहू समाज के सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा एवं तैलिक चौरासी पंचायत, प्रदेश विभाग जमशेदपुर की संयुक्त बैठक सोमवार को बागबेड़ा नया बाजार स्थित साहू धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने एक-दूसरे का स्वागत एवं सम्मान करते हुए समाज के व्यापक हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दोनों संगठन आपसी समन्वय और सहयोग के साथ समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा शैक्षिक और आर्थिक विकास के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इसके अलावा समाज के लोगों के सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने और सामाजिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर भी सहमति बनी।
पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित और सशक्त बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं समाज के अन्य वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों के लिए भी विशेष योजनाएं तैयार करने पर विचार किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि तैलिक चौरासी पंचायत अपनी स्वतंत्र पहचान और परंपराओं को बनाए रखते हुए अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के साथ मिलकर राष्ट्रीय स्तर पर समाज के हितों और विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएगी।
वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए संगठनात्मक एकता बेहद जरूरी है। दोनों संगठनों के एक मंच पर आने से समाज की आवाज और अधिक प्रभावी ढंग से उठाई जा सकेगी तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों के समाधान में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के अध्यक्ष द्वारिका प्रसाद, संस्थापक अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, कुंदन लाल गुप्ता, शशिकांत महाराज, अनिल शाह, दीपक कुमार गुप्ता, हरिहर प्रसाद, विनोद गुप्ता, शेखर कुमार और प्रमोद साव उपस्थित थे।
वहीं तैलिक चौरासी पंचायत की ओर से अध्यक्ष ललित कुमार साहू, रामानुज साहू, सुनील कुमार साहू, महेश कुमार साहू, मनोज साहू, कृष्णा साव, विनय कुमार गुप्ता, राकेश साहू समेत बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य सदस्य बैठक में शामिल हुए।







