Jamshedpur : भालूबासा गोलचक्कर से सीतारामडेरा मार्ग पर चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रभावित हुए छह दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। दुकानदारों की आजीविका से जुड़े इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सोमवार को जिला उपायुक्त को पत्र भेजकर सभी प्रभावित दुकानदारों को शीघ्र दुकान आवंटित करने की मांग की।
विधायक द्वारा भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, नगर आयुक्त तथा उप नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) को भी प्रेषित की गई है। पत्र में प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास की प्रक्रिया में तेजी लाने और उन्हें जल्द व्यवसाय शुरू करने का अवसर प्रदान करने की मांग की गई है।
सोमवार को निर्धारित बैठक के तहत विधायक पूर्णिमा साहू सभी छह प्रभावित दुकानदारों के साथ जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय पहुंचीं। बैठक के दौरान दुकानदारों के आवश्यक दस्तावेज अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए। विधायक ने अधिकारियों से पुनर्वास प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए जल्द दुकान आवंटन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
बैठक में उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने प्रभावित दुकानदारों को आश्वस्त किया कि सभी पात्र दुकानदारों को शीघ्र ही दुकान आवंटित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय के लिए स्पेशल ऑफिसर विश्वजीत महतो को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि आवंटन प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद प्रभावित दुकानदारों ने विधायक पूर्णिमा साहू से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। इसके बाद विधायक स्वयं दुकानदारों के साथ भालूबासा पहुंचीं और स्थल का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी पूरे मामले की जानकारी ली और बाद में जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय में पुनर्वास के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि प्रभावित दुकानदारों का पुनर्वास केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन दुकानदारों की आजीविका उनके व्यवसाय पर निर्भर है, इसलिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, पुनर्वास प्रक्रिया में तेजी आने और दुकान आवंटन की दिशा में सकारात्मक पहल होने पर प्रभावित दुकानदारों ने विधायक पूर्णिमा साहू के प्रति आभार व्यक्त किया। दुकानदारों का कहना है कि विधायक के हस्तक्षेप से उनकी समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है और उन्हें जल्द ही अपना व्यवसाय पुनः शुरू करने का अवसर मिल सकेगा।








