Jamshedpur : हिंदुस्तान स्पोर्ट्स गाइड एसोसिएशन की ओर से क्षेत्र में बच्चों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक आवश्यक बैठक एवं कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अमित मोदक ने किया, जिसमें विभिन्न खेलों से जुड़े केंद्रीय कोच, झारखंड राज्य के कोच तथा प्रशिक्षकों ने भाग लिया।
बैठक में झारखंड के बच्चों और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने, उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान करने तथा खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षकों और कोचों ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह बच्चों के मानसिक, सामाजिक और नैतिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने बच्चों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित मोदक ने कहा कि खेल के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम का समापन “जय झारखंड, जय खेल” के उद्घोष के साथ हुआ।













