घाघीडीह सेंट्रल जेल में महिला बंदियों को दी गई विधिक जानकारी, डालसा ने चलाया जागरूकता अभियान

SHARE:

Jamshedpur : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) जमशेदपुर की ओर से घाघीडीह सेंट्रल जेल में महिला बंदियों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा न्याय तक आसान पहुंच के संबंध में जागरूक करना था।

कार्यक्रम में डीएलएसए सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल विदेश सिन्हा तथा सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल रंजना कुमारी मुख्य संसाधन व्यक्तियों के रूप में उपस्थित रहे।

इस दौरान महिला बंदियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, महिला संरक्षण से जुड़े कानूनों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।



डीएलएसए सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने महिला बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय पाने का अधिकार है और जिला विधिक सेवा प्राधिकार समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्याय पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने महिला बंदियों को किसी भी कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर निःसंकोच डीएलएसए से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला बंदियों ने विभिन्न कानूनी विषयों से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका संसाधन व्यक्तियों द्वारा सरल और विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से महिला बंदियों को उनके अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें