बकरीद को शांतिपूर्ण बनाने को लेकर किरीबुरू थाना में शांति समिति की बैठक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर किरीबुरू थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किरीबुरू के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार किंडो ने की। इस दौरान थाना प्रभारी रोहित कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार किंडो ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर लगातार नजर बनाए हुए है और अफवाह फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा कानून को अपने हाथ में न लें। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि बकरीद के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ नियमित गश्ती अभियान भी चलाया जाएगा।

मस्जिद कमिटी के अध्यक्ष आलम अंसारी ने कहा कि किरीबुरू का मुस्लिम समुदाय हमेशा सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखता आया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में प्रतिबंधित मांस का उपयोग नहीं किया जाता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि 28 मई को सुबह 8:30 बजे मस्जिद में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी।

बैठक में उपस्थित लोगों ने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने तथा प्रशासन को सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.