Jamshedpur : खासमहल स्थित श्यामा प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज में सोमवार को नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस अवसर पर आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का गुलाब का बुके भेंट कर स्वागत किया गया और उन्हें कॉलेज परिवार का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नैतिक मूल्यों का महत्व बताया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य शिव चरण महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कॉलेज के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्राचार्य शिव चरण महतो ने कहा कि कॉलेज केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर नागरिक और जिम्मेदार व्यक्तित्व के निर्माण का केंद्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समय की पाबंदी और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज परिसर में मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यार्थियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रैगिंग, नशाखोरी, हिंसा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के प्रति कॉलेज की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की जानकारी देते हुए बताया कि एंटी-रैगिंग समिति लगातार सक्रिय रहेगी।
प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज में नियमित पढ़ाई के साथ करियर गाइडेंस, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और स्किल डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को खेल, सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और नैतिक विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक के सामूहिक प्रयास से ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को नए शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी, मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।









