उत्तमडीह के ग्रामीणों ने सड़क, तालाब और सरकारी जमीन के मुद्दे पर सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : 60 वर्षों से सड़क नहीं बनने का आरोप, तालाब में जातीय भेदभाव और सरकारी भूमि की कथित अवैध खरीद-बिक्री की जांच की मांग

सरायकेला। जिले के गम्हरिया प्रखंड स्थित उत्तमडीह गांव के ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को गम्हरिया के अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उत्तमडीह की हरिजन बस्ती में पिछले करीब 60 वर्षों से सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। सड़क नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और ग्रामीणों के दैनिक आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उत्तमडीह तालाब में स्नान के दौरान कुछ लोगों द्वारा जाति के आधार पर भेदभाव और छुआछूत जैसी घटनाएं की जाती हैं। इसके अलावा बिना किसी उचित कारण के तालाब का पानी निकाल दिया जाता है, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ गर्मी के दिनों में पशु-पक्षियों को भी पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में उत्तमडीह फुटबॉल मैदान के समीप स्थित वन एवं सरकारी जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और खरीद-बिक्री से सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है।

ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के लोग उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश होंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें