सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में युवती हत्या कांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में बीते 09 मई की सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी सोनु कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 09 मई की सुबह करीब 6:15 बजे सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में एक युवती का शव पाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले में पहले सनहा दर्ज किया गया, जिसके बाद मृतका की पहचान उसके पिता के लिखित आवेदन के आधार पर हुई। इसके बाद परसुडीह थाना कांड संख्या 45/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1)/238 में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया, जिसकी निगरानी पुलिस अधीक्षक (नगर) द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सोनु कर्मकार (20 वर्ष), पिता शंभु कर्मकार, निवासी बिरसानगर जोन नंबर-02बी, थाना बिरसानगर, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी से मिलने छोलागोड़ा जा रहा था। इसी दौरान सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में उसकी मुलाकात मृतका से हुई। आरोपी के अनुसार, मृतका द्वारा शादी के लिए लगातार दबाव बनाए जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने युवती का गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहना गया सफेद रंग का शर्ट भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.