Adityapur : उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार श्रम विभाग द्वारा जिले के विभिन्न पंचायतों में श्रमिक निबंधन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत सोमवार को खरसावां प्रखंड के बिटापुर पंचायत तथा चांडिल प्रखंड के धुनाबुरु पंचायत में श्रमिक निबंधन शिविर लगाया गया।
शिविर के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का निबंधन किया गया तथा उन्हें विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए निबंधन कराने हेतु जागरूक किया।
इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों ने श्रमिकों को ई-श्रम निबंधन, श्रमिक पंजीकरण से मिलने वाले लाभ, श्रम सुरक्षा योजनाओं तथा विभागीय सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अधिकाधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने और निबंधन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
श्रम विभाग की ओर से पंचायत स्तर पर नियमित जागरूकता अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।











