Water Tank Project : पानी संकट से राहत की ओर कदम, विधायक पूर्णिमा साहू ने दो जलमीनार परियोजनाओं की रखी आधारशिला

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बारीडीह, बिरसानगर, बागुन नगर और बागुनहातू जैसे इलाकों में लंबे समय से व्याप्त जल संकट से जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने इन क्षेत्रों में दो नई जलमीनार परियोजनाओं की आधारशिला रखी और निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ कराया।

लगभग 8 करोड़ की लागत, पाइपलाइन बिछाने में लगेंगे 17-18 महीने

इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि यह परियोजना करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित की जा रही है। परियोजना के तहत 17 से 18 महीने की अवधि में पूरे क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाई जाएगी ताकि पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। वहीं, जलमीनारों का निर्माण कार्य नवंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

टेल्को और बिरसानगर में बनेंगी उच्च क्षमता की जलमीनारें

जानकारी के अनुसार, टेल्को क्षेत्र में बनने वाली जलमीनार की क्षमता 1.25 लाख गैलन होगी, जबकि बिरसानगर के पास बनने वाली जलमीनार 2.5 लाख गैलन जल संग्रहण की क्षमता रखेगी। इन जलमीनारों से ऊँचाई पर बसे उन क्षेत्रों तक भी पानी पहुँचाया जाएगा, जहाँ अब तक पाइपलाइन से जलापूर्ति संभव नहीं हो सकी है।

दूसरे चरण की योजना

विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि यह परियोजना क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था के दूसरे चरण का हिस्सा है। पहले चरण में कुछ क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल की जा चुकी है, और अब यह पहल बाकी वंचित इलाकों को जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है।

स्थानीय जनता में उत्साह बीवी

इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। लोगों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जलमीनारों के निर्माण से गर्मी के मौसम में जल संकट की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.