गोलमुरी में दिनदहाड़े बैंक डकैती, रेनकोट पहने हथियारबंद अपराधियों ने 42 लाख से अधिक नकद और सोना लूटा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : शहर में बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। रेनकोट पहने पांच से छह अपराधियों ने हथियारों के बल पर बैंककर्मियों और सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाया और चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकद समेत लॉकर में रखे बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे बैंक खुलने के बाद परिसर में सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान रेनकोट पहने अपराधी बैंक के अंदर दाखिल हुए। हथियार लहराते हुए उन्होंने बैंककर्मियों को अपने कब्जे में ले लिया। अचानक हुई इस वारदात से बैंक परिसर में अफरातफरी मच गई।

बैंक के सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार ने अपराधियों का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने बंदूक की बट से उनकी पिटाई कर दी। मारपीट में गार्ड घायल हो गए। इसके बाद अपराधियों ने बैंककर्मियों को धमकाते हुए लूटपाट शुरू कर दी।

मैनेजर को हथियार के बल पर चेस्ट तक ले गए

अपराधी बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में पहुंचे और उन्हें हथियार की नोक पर चेस्ट तक ले गए। इसके बाद चेस्ट खुलवाकर उसमें रखे 42 लाख रुपये से अधिक नकद निकाल लिए। अपराधियों ने बैंक के लॉकर में रखे बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले

दिनदहाड़े बैंक डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, डीएसपी सुमित कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने बैंक के भीतर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में अपराधियों के बैंक से निकलकर फरार होने की तस्वीरें कैद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन्हीं फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में सघन जांच और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दिनदहाड़े बैंक में हुई इस बड़ी वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें