Potka : पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग से कथित प्रदूषण और भारी वाहनों के आवागमन की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने आवाज बुलंद करते हुए शुक्रवार से हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। अभियान के माध्यम से स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण से स्वास्थ्य पर पड़ रहे कथित प्रभाव और भारी वाहनों से उत्पन्न हो रही परेशानियों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की पहल की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे साइडिंग से जुड़े गतिविधियों के कारण क्षेत्र में धूल और प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। भारी वाहनों के लगातार आवागमन से भी स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की है।
हस्ताक्षर अभियान में हल्दीपोखर की मुखिया देवी भूमिज, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, भाजपा नेता मनोज सरदार, भाजपा नेता गणेश सरदार और जिला परिषद सदस्य सविता सरदार समेत कई स्थानीय लोग एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
ग्रामीणों का कहना है कि हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से उनकी सामूहिक मांग को प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने प्रदूषण की स्थिति की जांच कराने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर ध्यान देने तथा भारी वाहनों के आवागमन से उत्पन्न परेशानी का समाधान करने की मांग की है।

















