बीमा कर्मचारी संघ जमशेदपुर मंडल का 53वां वार्षिक सम्मेलन संपन्न, एलआईसी के निजीकरण के खिलाफ प्रस्ताव पारित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बीमा कर्मचारी संघ जमशेदपुर मंडल का 53वां वार्षिक सम्मेलन शनिवार को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन संघ के अध्यक्ष कॉ. अमित माइति ने झंडोत्तोलन कर किया। इसके बाद शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

सम्मेलन के दौरान महासचिव कॉ. सुभाष कर्ण ने वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि सह कोषाध्यक्ष कॉ. के.के. शर्मा ने वित्तीय प्रतिवेदन रखा। प्रतिनिधि सत्र में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और 18 वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

मुख्य अतिथि ईसीजेडईईए के महासचिव कॉ. त्रिनाथ डोरा ने सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सजग बनाने का आह्वान किया। वहीं, ईसीजेडईईए के अध्यक्ष कॉ. प्रदीप मुखर्जी ने एआईआईईए के 75 वर्षों के संघर्ष और योगदान को रेखांकित किया।


सम्मेलन में एलआईसी के विनिवेश और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एवं बीमा क्षेत्र के निजीकरण के विरोध में प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा नई पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, नए लेबर कोड को रद्द करने तथा एलआईसी में नई नियुक्तियां शुरू करने समेत कई मांगों को लेकर भी प्रस्ताव पारित किए गए।

स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओं कॉ. महिमा परमार को प्रथम, कॉ. रंजय राम को द्वितीय और कॉ. विवेक कुमार को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मेलन में पुरस्कृत किया गया।


आगामी कार्यकाल के लिए कॉ. अमित माइति को अध्यक्ष, कॉ. सुभाष कर्ण को महासचिव और कॉ. अशोक दास को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही 22 सदस्यीय सचिव मंडल का भी चयन किया गया।

सम्मेलन में रांची, गुमला, डाल्टनगंज, चक्रधरपुर और चाईबासा समेत विभिन्न शाखाओं से 140 से अधिक प्रतिनिधि एवं पर्यवेक्षक शामिल हुए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.