देश की टॉपर बनी झारखंड की बेटी शांभवी जायसवाल, शिक्षा मंत्री ने सौंपा एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : लौहनगरी की प्रतिभाशाली छात्रा शांभवी जायसवाल ने वर्ष 2025 की आईसीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में देशभर में टॉप कर झारखंड का मान बढ़ाया है। लोयोला स्कूल जमशेदपुर की छात्रा शांभवी ने सभी विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

इस उपलब्धि पर शुक्रवार को राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री श्री रामदास सोरेन ने शांभवी को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। जमशेदपुर परिसदन में आयोजित इस सम्मान समारोह में मंत्री ने शांभवी के माता-पिता को भी गुलदस्ता भेंट कर सम्मान जताया।

“शांभवी जैसी प्रतिभाएं हैं झारखंड की असली पहचान” – शिक्षा मंत्री

मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि शांभवी की सफलता सिर्फ उसके परिवार या स्कूल तक सीमित नहीं, बल्कि यह पूरे झारखंड राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शांभवी को बधाई दी है और राज्य सरकार भविष्य में भी ऐसी प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देती रहेगी।

मंत्री ने कहा कि शांभवी की मेहनत, लगन और अनुशासन हर छात्र के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने समाज से अपील की कि शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करें। “यह केवल एक छात्रा की सफलता की कहानी नहीं, बल्कि यह दिखाता है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, पारिवारिक सहयोग और संस्थान का समर्थन किसी भी छात्र को ऊँचाइयों तक पहुँचा सकता है,” उन्होंने कहा।

शांभवी ने जताया आभार, आगे भी राज्य और देश का नाम रोशन करने की इच्छा

सम्मान प्राप्त करने के बाद शांभवी ने कहा कि शिक्षा मंत्री द्वारा सम्मानित किया जाना उनके लिए गर्व का क्षण है और इससे उनका मनोबल बढ़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दिया।

शांभवी ने कहा कि वह आगे भी मेहनत करती रहेंगी और अपने राज्य एवं देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रोशन करना चाहती हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, झामुमो नेता मोहन कार्माकर, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें