Chandil : भाजपा जिला मंत्री रूपेश वर्मा उर्फ पप्पू वर्मा के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने रांची में राज्यपाल से मुलाकात कर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की।
मांग पत्र में स्वर्णरेखा परियोजना के विस्थापितों को लंबित मुआवजा, जमीन का पर्चा एवं रोजगार उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। इसके साथ ही पुनर्वास स्थलों पर सड़क, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने चांडिल डैम में डूबे आदिवासी भूमिज-मुंडा समाज के शासनदिरी, हइशाली एवं मेगालिथ स्थलों के संरक्षण की भी मांग की। वहीं, हाथी प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने तथा चौका क्षेत्र की स्पंज आयरन कंपनियों से होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के साथ चांडिल में बनकर तैयार 50 बेड के अनुमंडल अस्पताल को शीघ्र शुरू करने की मांग भी शामिल रही। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अस्पताल के संचालन से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रतिनिधिमंडल में खुदीराम सिंह सरदार, कालीपद गोप, रामकृष्ण महतो, अनिल सिंह, रविंदर सिंह सरदार, बाबूलाल सोरेन समेत अन्य लोग मौजूद थे।

















