Chandil : नीमडीह थाना क्षेत्र के बुरुडूंगरी लेंगडीह गांव में मंगलवार को बाइक सवार दो युवकों ने 72 वर्षीय बावली सेन के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी न्यू बायपास एनएच-18 की ओर फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार, सुबह करीब 10:43 बजे दोनों युवक बाइक से उनके पास पहुंचे और उन्हें ‘मौसी’ कहकर बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान वे तालाब के पास पहुंचे। इसी दौरान एक युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। छीना-झपटी में चेन का आधा हिस्सा टूटकर बावली सेन के पास रह गया, जबकि आरोपी आधी चेन लेकर बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपियों का पीछा किया, लेकिन दोनों पकड़ में नहीं आ सके। बावली सेन ने बताया कि करीब 12 ग्राम वजन की उक्त सोने की चेन उन्होंने वर्ष 2021 में 66 हजार रुपये में खरीदी थी।
सूचना मिलने पर नीमडीह थाना प्रभारी एसआई रतन लाल मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

















