Jamshedpur : गौरीशंकर रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब परिसर में गौरीशंकर रोड गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान स्वर्गीय दर्शन सिंह की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी ज्ञानी गुरदीप सिंह निक्कू द्वारा गुरु महाराज के समक्ष अरदास के साथ हुई।
अरदास के बाद श्रद्धालुओं और समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में कुल 116 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान भगवान सिंह ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा और पुण्य के कार्य में सहभागी बनने की अपील की।
चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि मानव सेवा का भी प्रमुख केंद्र है। उन्होंने स्वर्गीय दर्शन सिंह के जीवन और समाज के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
इस अवसर पर सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के वरीय उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह राजू, महासचिव अमरजीत सिंह, सलाहकार सुखदेव सिंह बिट्टू समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर को सफल बनाने में स्वर्गीय दर्शन सिंह के पुत्र परमजीत सिंह पम्मा, गुरुद्वारा कमेटी के वरीय उपाध्यक्ष हरजीत सिंह लाडी, पूर्व प्रधान अमरजीत सिंह गांधी, एडिटर सरबजीत सिंह बाऊ, मनजीत सिंह मलटू, पलविंदर सिंह, गुरजिंदर सिंह पिंटू, रविंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, शालू, अमरीक सिंह, रेखराज, स्वर्ण सिंह, जुगनू सिंह, जितेंद्र सिंह हैप्पी, नौजवान सभा के प्रधान हरमन सिंह, इंद्रजीत कौर सहित अन्य सदस्यों की उल्लेखनीय भूमिका रही।

















