सावन की आखिरी सोमवारी पर शिवभक्ति में डूबा श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, भक्तों में बांटे गए बिल्व पत्र और दूध

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर। सावन की आखिरी सोमवारी पर गोलमुरी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में आस्था और सेवा का संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में शिवभक्तों की भीड़ जुटने लगी। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच बिल्व पत्र और दूध का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने सेवा कार्य का लाभ उठाया और आयोजन की सराहना की।

सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जल, दूध और बिल्व पत्र अर्पित किए। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए भोग की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में भक्तों ने खिचड़ी और खीर का प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद वितरण के दौरान कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा।

आयोजकों के अनुसार, सावन में भगवान शिव को बिल्व पत्र और दूध अर्पित करने की धार्मिक परंपरा है। श्रद्धालुओं के बीच इनका वितरण भक्ति के साथ सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी देता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में साकेत गौतम, असीम पाठक, सुमित, विकास कुमार, राहुल कुमार, समरेश कुमार, सुजीत झा, इन्द्रजीत सिंह, अभय सिंह, नीरज जी और पंकज समेत अन्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में जुटे कार्यकर्ताओं ने पूरे दिन श्रद्धालुओं की सुविधा, सेवा और प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी संभाली।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें