पोटका के चार +2 स्कूलों में बनेंगे फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास

Share करें

✓ Link copy हो गया!

पोटका। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पोटका प्रखंड के चार +2 विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण कराया जाएगा। झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत अपग्रेड गवर्नमेंट +2 विद्यालय हल्दीपोखर में फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी लैब निर्माण का शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। इसके साथ ही जादूगोड़ा, मानपुर और सानग्राम स्थित +2 विद्यालयों में बनने वाले विज्ञान प्रयोगशालाओं का भी संयुक्त रूप से शिलान्यास किया गया।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विधायक को घेरकर उनके साथ तस्वीरें लीं और बातचीत की। इस दौरान कुछ छात्रों ने विद्यालय से जुड़ी समस्याएं भी विधायक के समक्ष रखीं।

विधायक संजीव सरदार ने संबंधित लोगों से बातचीत कर कुछ समस्याओं के समाधान की पहल मौके पर ही की, जबकि अन्य समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने की अपील की।

5 सितंबर को फिर विद्यालय पहुंचेंगे विधायक

छात्र-छात्राओं के आग्रह पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर वे दोबारा विद्यालय आएंगे और विद्यार्थियों के साथ समय बिताएंगे। विधायक के इस आश्वासन से विद्यार्थियों में उत्साह और बढ़ गया।

विधायक ने कहा कि फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की प्रयोगशालाएं बनने से विद्यार्थियों को विषयों की पढ़ाई के साथ प्रयोगात्मक ज्ञान हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है। आधुनिक प्रयोगशालाओं से विज्ञान की पढ़ाई को नई मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी इसका लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र कुमार, शिक्षिका कुमारी गीता, संजू शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्रावती महतो समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें